हनुमानगढ़। टाउन की पारीक कॉलोनी में रात्रि को दो पक्षों के बीच विवाद के बाद पथराव का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता विष्णु बिश्नोई निवासी वार्ड नंबर 34 ने टाउन थाना पुलिस को रिपोर्ट देकर कुछ लोगों पर गाली-गलौज, पथराव, वाहन में तोड़फोड़ और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी रिपोर्ट में विष्णु (42) पुत्र हजारीलाल बिश्नोई ने बताया कि 27 अगस्त की रात करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी के साथ नोहरा में पशुओं को पानी पिला रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले गणेश पुत्र कुरड़ाराम, लक्की पुत्र कुरड़ाराम, रोहित व कोकी पुत्र ललित कुमार ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। मना करने के बाद वह अपनी पत्नी के साथ सामने स्थित मकान में चले गए। कुछ देर बाद गणेश, लक्की, रोहित, कोकी, रुकमा पत्नी कुरड़ाराम, सरोज पत्नी ललित, रोहित पुत्र सुभाष ने 15-20 अन्य लोगों को बुला लिया और पथराव शुरू कर दिया। पथराव में उसके और उसकी पत्नी के चोटें आईं। मौके पर पहुंचे मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे सुभाष के पैर में भी चोट लगी। रात के समय दूसरी गली में खड़ी सुभाष की कार के शीशे भी तोड़ दिए गए। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष के लोग हथियार लेकर मोहल्ले में घूमते हुए धमकियां दे रहे हैं और उनके खिलाफ बोलने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस के अनुसार शिकायत पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच की जिम्मेदारी सहायक उपनिरीक्षक अमीचंद को सौंपी है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर रही है।
