– 193 केन्द्रों पर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक चलेगा मतदान, ईवीएम में बंद होगा 500 उम्मीदवारों का भाग्य
हनुमानगढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण में शुक्रवार, 11 सितंबर को जिले के तीन नगरीय निकायों नगर परिषद हनुमानगढ़ तथा नगर पालिका पीलीबंगा एवं गोलूवाला में मतदान होगा। शहरी सरकार चुनने के लिए होने वाले इस मतदान को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। तीनों निकायों के 120 वार्डांे के लिए 193 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां 1,78,275 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान शुक्रवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। निर्धारित समय पर मतदान केन्द्र परिसर में पहुंचकर कतार में खड़े होने वाले मतदाताओं को मतदान का अवसर दिया जाएगा। मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

नगर परिषद हनुमानगढ़ के 60 वार्डांे के लिए सर्वाधिक 133 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। यहां 1,34,264 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं नगर पालिका पीलीबंगा के 35 वार्डांे के लिए 35 मतदान केन्द्रों पर 30,811 मतदाता तथा नवगठित नगर पालिका गोलूवाला के 25 वार्डांे के लिए 25 मतदान केन्द्रों पर 13,200 मतदाता मतदान करेंगे। इस तरह द्वितीय चरण में तीनों निकायों में कुल 120 वार्डांे के लिए 1,78,275 मतदाता चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
ईवीएम लेकर रवाना हुए मतदान दल
द्वितीय चरण के मतदान के लिए हनुमानगढ़, पीलीबंगा और गोलूवाला में बनाए गए ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम एवं संग्रहण केन्द्रों से गुरुवार को मतदान दल अपने-अपने मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुए। हनुमानगढ़ नगर परिषद के लिए जंक्शन स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, पीलीबंगा नगर पालिका के लिए राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा गोलूवाला नगर पालिका के लिए गोलूवाला सिहागान स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से मतदान दलों ने मतदान सामग्री एवं ईवीएम लेकर प्रस्थान किया। मतदान दलों को रवाना करने से पहले आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। जंक्शन स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में हनुमानगढ़ नगर परिषद चुनाव के लिए मतदान दलों को जिला स्तरीय प्रशिक्षक की ओर से प्रशिक्षण देने के मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव व अतिरिक्त जिला निवार्चन अधिकारी उम्मेदीलाल मीणा भी मौजूद रहे। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम एवं मतदान सामग्री इन्हीं निर्धारित स्थलों पर जमा कराई जाएगी। इसके बाद 14 सितंबर को संबंधित स्थलों पर ही मतगणना कराई जाएगी।
14 सितंबर को खुलेगा प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा
जिले के सभी आठ नगर निकायों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। वहीं अध्यक्ष पद का निर्वाचन 21 सितंबर तथा उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन 22 सितंबर को कराया जाएगा। ऐसे में शुक्रवार को होने वाला मतदान तीनों निकायों में शहरी सरकार की तस्वीर तय करने की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण चरण होगा। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में उत्साहपूर्वक हिस्सा लें और निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
