-बरकत कॉलोनी में पुलिया की मरम्मत और गली में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग
हनुमानगढ़। टाउन के वार्ड नम्बर 45 स्थित बरकत कॉलोनी के निवासियों ने धंस चुकी पुलिया की मरम्मत करवाने और गली में रात्रि के समय प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर बुधवार को नगर परिषद प्रशासक एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। वार्डवासी सुरेश दास ने बताया कि बरकत कॉलोनी में दशहरा ग्राउंड की ओर जाने वाली सड़क पर बड़े नाले के ऊपर बनी पुलिया काफी समय से क्षतिग्रस्त होकर धंस चुकी है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों का आवागमन होता है। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी दो बार नगर परिषद के अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए पुलिया की शीघ्र मरम्मत करवाई जाए, ताकि संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। इसके अलावा वार्डवासियों ने बरकत कॉलोनी में सामुदायिक भवन के पास से गुजरने वाली संकरी गली में रात्रि के समय अंधेरा रहने की समस्या भी प्रशासन के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि गली में स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण रात के समय अंधेरा रहता है, जिससे असामाजिक तत्वों की ओर से आपराधिक घटनाएं होने का खतरा बना रहता है। साथ ही लोगों को रात में आने-जाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

वार्डवासियों ने बताया कि इस समस्या के बारे में नगर परिषद और उपखंड अधिकारी कार्यालय को भी पहले अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर गली में स्ट्रीट लाइट लगवाई जाए और रात्रि में समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस मौके पर ललित मंडल, गोविंदा, पवन, नागेंद्र, रवि, प्रकाश, विजय, रामदेव, मनदीप, रामकुमार, राहुल, अजय और चंदन सहित कई वार्डवासी मौजूद रहे।
