हनुमानगढ़। जंक्शन धानमंडी स्थित आढ़त की दुकान से गेहूं के कट्टे चोरी करते एक युवक को मजदूरों ने पकड़ लिया। जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब रहा। पकड़े गए युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस संबंध में जंक्शन पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 19, धानकांवाली ढाणी निवासी 58 वर्षीय लखवीर सिंह मान पुत्र गुरतेज सिंह जटसिख ने रिपोर्ट दी कि उसकी जंक्शन धानमंडी में मान ब्रदर्स के नाम से आढ़त की दुकान है। रिपोर्ट में बताया गया कि 5 मई की रात मोटर साइकिल पर सवार दो युवक उसकी दुकान के आगे से गेहूं के पांच कट्टे चोरी कर ले गए थे। इसके बाद 9 मई की रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान पर मौजूद तोला सतपाल दामड़ी ने फोन कर सूचना दी कि दुकान के आगे रखे गेहूं के कट्टों को दो युवक मोटर साइकिल पर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान सतपाल दामड़ी, शम्भू, मनतोष और गुलाब ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा युवक मौके से फरार हो गया। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम इरफान अली शाह पुत्र गुलाब शाह निवासी पुरानी खुंजा, जंक्शन बताया। उसने अपने फरार साथी का नाम प्रिंस उर्फ पिंटू बताया। परिवादी ने आरोप लगाया कि उसकी दुकान पर पहले हुई चोरी की वारदात भी इरफान अली शाह और प्रिंस उर्फ पिंटू ने ही की थी। घटना की सूचना मौके पर ही पुलिस को दे दी गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल अमरचंद को सौंपी है।
