हनुमानगढ़। नई आबादी स्थित माई जी के मंदिर प्रांगण में विराट हिंदू सम्मेलन एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन भव्य एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश की वंदना, सुंदरकांड पाठ तथा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संत राघवानंद जी (जोरावरपुरा), दीदी रामी बाई जी (संचालिका, माई जी का मंदिर), सुखविंदर कौर (प्रधान गुरुद्वारा कमेटी, नई आबादी) एवं ओम होटला (समाजसेवी) उपस्थित रहे।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता विजय कुमार (सेवा भारती समिति प्रकल्प प्रभारी) ने हिंदू सम्मेलन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पूरे भारतवर्ष में आयोजित हो रहे हिंदू सम्मेलनों का मूल उद्देश्य समाज को जागृत करना एवं संगठित करना है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को जाति के आधार पर विभाजित नहीं होना चाहिए, बल्कि “जात-पात की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई” के भाव को आत्मसात करना होगा। संगठित हिंदू समाज ही समर्थ और सशक्त भारत का निर्माण कर सकता है। विजय कुमार ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि जन्मदिन जैसे अवसरों पर वृक्षारोपण करना चाहिए, जल संरक्षण को प्राथमिकता देनी चाहिए तथा पॉलिथीन के उपयोग से बचना चाहिए।

नागरिक कर्तव्यों मतदान, यातायात नियमों के पालन तथा यथासंभव स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने बताया कि परिवार में आपसी प्रेम एवं समरसता बढ़ाने हेतु महीने में कम से कम दो बार पूरे कुटुंब के साथ सहभोज का आयोजन करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में मंचासीन अतिथियों का शाल उढाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सर्व हिंदू समाज कमेटी के सदस्यों छत्रसाल सिंह राघव, अभिषेक शर्मा, मधुसूदन शर्मा, अधिवक्ता मधुसूदन, पवन जांगिड़, मुकेश जांगिड़, धीरेंद्र किशनावत, रूपेश कालरा, अनिल कौशिक, योगेश शर्मा, चेतन जिंदल, देवेंद्र ओझा, अशोक सुथार, संदीप छिंपा, गौरव उपनेजा, रायसिंह सिल्लू, कपिल गुम्बर, विजेंद्र शर्मा, देवेंद्र पारीक, विकास डोडा, रोहित शर्मा, अनिल सुथार, शुभम सोनी, पवन कुमार डामा, वरदान कठपाल, कुणाल, सचिन खुराना, दीपक मिद्धा एवं सागर धुड़िया का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन श्रद्धा, एकता एवं सामाजिक समरसता के संदेश के साथ हुआ।
