हनुमानगढ़। सहयोग शक्ति फाउंडेशन की ओर से टाउन स्थित अल्फा मार्केट में फैशन शो एवं महिला उद्यमिता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। सुबह से देर शाम तक चले इस आयोजन में प्रतिभागियों ने रैम्प पर अपने हुनर और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया, वहीं कार्यक्रम स्थल पर 54 स्टॉल्स लगाई गईं। इन स्टॉल्स पर महिलाओं की ओर से तैयार किए गए हस्तनिर्मित कपड़े, खाद्य सामग्री, आभूषण, बच्चों के खिलौने सहित विभिन्न घरेलू उत्पादों की प्रदर्शनी सजाई गई।


आयोजन की विशेष थीम दादी से पोती तक रही, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर वरिष्ठ महिलाओं तक ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक गणेश राज बंसल ने शिरकत की। इस मौके पर फाउंडेशन सदस्यों ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य घरों से छोटे उद्योग चलाकर रोजगार कर रही महिलाओं को मंच देना है।


आज अनेक महिलाएं घरेलू स्तर पर उद्यम कर रही हैं, लेकिन उनके उत्पादों को पर्याप्त पहचान नहीं मिल पाती। ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं में आत्मविश्वास जगाकर उन्हें अपनी अलग पहचान दिलाने और पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन से एकत्रित धनराशि का उपयोग चैरिटी कार्यां में किया जाएगा।



भविष्य में भी इस तरह के आयोजन कर जरूरतमंदों की सहायता की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वर्ष करवा चौथ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम से प्राप्त राशि से विद्यालयों में अध्ययनरत जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को जूते-जुराब वितरित किए गए थे। फाउंडेशन सदस्यों ने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से संगठन का सामाजिक दायरा लगातार विस्तृत हो रहा है।
