हनुमानगढ़। राज्य सरकार की ओर से हाल ही में किए गए प्रशासनिक फेरबदल के बाद रवि कुमार ने बुधवार को हनुमानगढ़ के नए उपखंड अधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। रवि कुमार इससे पहले सहायक कलक्टर, बीकानेर के पद पर कार्यरत थे। तबादला आदेश जारी होने के बाद उन्हें बीकानेर से रिलीव किया गया और अब हनुमानगढ़ एसडीएम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदभार ग्रहण करने के बाद रवि कुमार ने उपखंड कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मुलाकात कर विभागीय कार्यांे की जानकारी ली।

उन्होंने उपखंड क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्थाओं, आमजन से जुड़े प्रकरणों तथा विभिन्न विभागों के समन्वय को लेकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। गौरतलब है कि राज्य सरकार की ओर से जारी प्रशासनिक तबादला सूची में हनुमानगढ़ एसडीएम पद पर बदलाव किया गया था। श्यामसुंदर बेनीवाल ने सोमवार सुबह ही हनुमानगढ़ एसडीएम का पदभार संभाला था, लेकिन उसी दिन देर रात जारी तबादला सूची में उनका स्थानांतरण ब्यावर कर दिया गया। इसके बाद रवि कुमार को हनुमानगढ़ का नया उपखंड अधिकारी नियुक्त किया गया। पदभार संभालने के बाद नए एसडीएम ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समय पर निस्तारण, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना रहेगा।
