– जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू बोले-सर्वे, सहमति और समीकरण के आधार पर होगा टिकट वितरण; सभी निकायों में बोर्ड बनाने का दावा
हनुमानगढ़। प्रदेश में नगर निकाय चुनाव की आचार संहिता लागू होने के साथ ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी ने भी हनुमानगढ़ जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने दावा किया कि पार्टी चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है और संभाग प्रभारियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति तैयार की जा चुकी है। डेलू ने बताया कि चुनाव की दृष्टि से जिला प्रभारी और नगर निकाय प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। सभी निकायों में बाहर से प्रभारी भेजे गए हैं, जो पर्यवेक्षक और सर्वेक्षक के रूप में भी काम करेंगे। इसके अलावा मंडल स्तर पर भी प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। प्रत्येक मंडल में कार्यकर्ताओं की टीमें गठित कर उन्हें चुनावी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आवेदन के बाद सर्वे और सहमति से होगा टिकट वितरण
भाजपा जिलाध्यक्ष के अनुसार पार्टी ने संभावित प्रत्याशियों के लिए आवेदन फॉर्म भी प्रभारियों के माध्यम से नीचे तक भेज दिए हैं। निकाय स्तर पर प्रभारियों की ओर से संभावित प्रत्याशियों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इसके बाद सर्वे, कार्यकर्ताओं की सहमति और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए टिकट वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रयास रहेगा कि सभी वार्डों में मजबूत प्रत्याशी उतारे जाएं। अध्यक्ष, चेयरमैन और सभापति पद के लिए भी पार्टी चुनाव चिह्न के साथ मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों के चयन में स्थानीय समीकरणों को प्राथमिकता देगी।
दावेदारों की संख्या बढ़ना कमजोरी नहीं, मजबूती का संकेत
टिकट के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आने के सवाल पर डेलू ने कहा कि प्रत्येक वार्ड से कई कार्यकर्ताओं का दावेदारी करना पार्टी की कमजोरी नहीं, बल्कि मजबूती का संकेत है। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास हर वार्ड से पार्षद पद के लिए कई आवेदन आ रहे हैं और निश्चित रूप से दावेदारों की संख्या अधिक है। उन्होंने कहा कि किस प्रत्याशी के पक्ष में सहमति बनती है, इसका निर्णय जिला प्रभारी और जिला टीम के स्तर पर सर्वे, सहमति और स्थानीय समीकरणों के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि अनेक कार्यकर्ता चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं और पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
गुटबाजी और असंतोष के आरोपों को किया खारिज
भाजपा में गुटबाजी और पूर्व पार्षदों को बैठकों से दूर रखने के आरोपों पर जिलाध्यक्ष डेलू ने कहा कि पार्टी में ऐसा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि न किसी को दूर रखा जाता है और न ही किसी को जरूरत से ज्यादा महत्व दिया जाता है। भाजपा एक विचारधारा की पार्टी है और जिला कार्यालय में आने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता का स्वागत किया जाता है तथा उसकी बात सुनी जाती है। उन्होंने कहा कि पार्टी की रीति-नीति से अलग हटकर कोई बातचीत नहीं होती और पार्टी में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि हर वार्ड से कई दावेदार सामने आना पार्टी की मजबूत स्थिति को दर्शाता है।
निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल पर भी बोले डेलू
निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल को लेकर पूछे गए सवाल पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि बंसल स्वतंत्र हैं और वे तय करने के लिए स्वतंत्र हैं कि किस पार्टी का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास जो भी व्यक्ति आएगा, उसे पार्टी के चुनाव चिह्न पर ही चुनाव लड़ना होगा। डेलू ने कहा कि चुनाव के बाद भी सभी को पार्टी के साथ रहना पड़ेगा। उन्होंने हनुमानगढ़ नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनने का दावा करते हुए कहा कि पार्टी के प्रति समर्थन लगातार बढ़ रहा है और कई रूठे हुए कार्यकर्ता भी दोबारा पार्टी से जुड़ रहे हैं।
शहर की समस्याओं को लेकर भाजपा ने बनाया एजेंडा
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि नगर निकाय में बोर्ड बनने के बाद शहर के हित में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने स्वच्छता, निराश्रित पशुओं की समस्या, सड़कों और नालियों सहित शहर की अन्य मूलभूत समस्याओं को दूर करने का दावा किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में जो कमियां रह गई हैं, उन्हें चिन्हित कर एक-एक करके दूर करने का प्रयास किया जाएगा। डेलू ने कहा कि भाजपा किसी व्यक्ति की कमजोरी के सहारे नहीं, बल्कि संगठन की मजबूती और अपनी विचारधारा के आधार पर आगे बढ़ती है। पार्टी केंद्र और राज्य सरकार की ओर से क्षेत्र के लिए करवाए गए विकास कार्यों तथा योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएगी और विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी।
पंचायत राज चुनाव टालने के आरोप पर बोले-ऐसा कुछ नहीं
विपक्ष की ओर से पंचायत राज चुनाव में देरी को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर डेलू ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में भाजपा का पूरा विश्वास है और पार्टी लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान करती है। उन्होंने बताया कि पार्टी की योजना राजस्थान में सभी नगर निकायों के चुनाव दो चरणों में करवाए जाने की है। नगर निकाय चुनाव के तुरंत बाद पंचायत राज चुनाव होंगे। डेलू ने कहा कि भाजपा चुनाव से पीछे हटने वाली पार्टी नहीं है और वह पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि हनुमानगढ़ जिले के सभी निकायों में पार्टी संगठन को मजबूत किया गया है और कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ भाजपा के चुनाव चिह्न पर बोर्ड बनाने के लक्ष्य को लेकर मैदान में उतरेंगे।

