हनुमानगढ़। जिला पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग पहल रात्रि चौपाल के तहत रावतसर वृत्त के ग्राम थालड़का में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर क्षेत्र में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में रावतसर वृत्ताधिकारी सुभाष गोदारा तथा रावतसर थाना प्रभारी ईश्वरानंद ने मुख्य वक्ता के रूप में हिस्सा लिया। इस दौरान थालड़का चौकी प्रभारी एएसआई मांगेराम मोठसरा, कांस्टेबल महेश, श्योपत, ग्राम पंचायत प्रशासक, सीएलजी सदस्य तथा ग्रामीण मौजूद रहे। चौपाल के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को विस्तार से सुना और मौके पर ही समाधान को लेकर चर्चा की। ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में नशा मुक्ति को लेकर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशे का अवैध कारोबार समाज और युवा पीढ़ी के लिए गंभीर खतरा है। ग्रामीणों से ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया। इसके अलावा साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं, इसलिए किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करें। पुलिस अधिकारियों ने आपातकालीन हेल्पलाइन नम्बरों और डिजिटल माध्यमों की जानकारी भी दी तथा भरोसा दिलाया कि पुलिस हमेशा आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों से पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ता है तथा अपराध नियंत्रण में मदद मिलती है।
