ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के नेतृत्व में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला सिरसा की एंटी नारकोटिक्स सेल ने बड़ी सफलता हासिल की है। गश्त और चेकिंग के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नहर पुल रोड़ी क्षेत्र से बाइक सवार एक व्यक्ति को 16 किलो 238 ग्राम डोडा चूरा पोस्त सहित गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान नहर पुल रोड़ी की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से एक बाइक सवार व्यक्ति प्लास्टिक कट्टा लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन अचानक बाइक बंद हो गई। शक के आधार पर पुलिस ने उसे काबू कर पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में जब प्लास्टिक कट्टे की तलाशी ली गई तो उसमें से 16 किलो 238 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलविंद्र सिंह उर्फ बिंद्र पुत्र वीरचंद निवासी गांव रोड़ी, जिला सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रोड़ी में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच रोड़ी थाना पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और पूछताछ के दौरान इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता- रमेश भार्गव
