– मानसून से निपटने को नगर परिषद पूरी तरह तैयार, आयुक्त बोले-जलभराव रोकने के लिए संसाधन तैयार
हनुमानगढ़। मानसून के दौरान शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। बड़े नालों की सफाई से लेकर पम्प स्टेशन, जेसीबी, डीजल पम्प और अन्य संसाधनों को दुरुस्त कर लिया गया है। इसके अलावा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए अतिरिक्त पम्प सेट, मिट्टी के कट्टों तथा श्रमिकों की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव ने बताया कि बारिश के मौसम को देखते हुए शहर के सभी प्रमुख नालों की सफाई करवाई जा चुकी है। यदि लगातार बारिश या कचरा जमा होने से कहीं दोबारा अवरोध (ब्लॉकेज) उत्पन्न होता है तो नगर परिषद की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे हटाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मानसून सीजन के दौरान नालों की निगरानी और सफाई का कार्य लगातार जारी रहेगा। आयुक्त ने बताया कि मानसून से पहले नगर परिषद के सभी आवश्यक संसाधनों की मरम्मत कर उन्हें पूरी तरह तैयार कर लिया गया है।

इनमें जेसीबी मशीनें, मोटर सेट, डीजल पम्प सेट सहित अन्य उपकरण शामिल हैं। साथ ही जलभराव की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की भी पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है। उन्होंने बताया कि कुछ अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता को देखते हुए नगर परिषद ने आउटसोर्सिंग के माध्यम से भी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। विशेष रूप से अतिरिक्त पम्प सेट उपलब्ध कराने के लिए आउटसोर्सिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। वहीं शहर के पम्प स्टेशनों पर लगी मोटरों की भी मरम्मत कर उन्हें सुचारु रूप से संचालित करने योग्य बना दिया गया है। सुरेन्द्र यादव ने कहा कि संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए नगर परिषद ने मिट्टी के कट्टों की आपूर्ति के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। इसके अलावा यदि भारी बारिश के दौरान अतिरिक्त श्रमिकों की आवश्यकता पड़ती है तो उनके लिए भी पहले से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल श्रमिक उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य बारिश के दौरान शहर में जलभराव की स्थिति को न्यूनतम रखना और आमजन को राहत प्रदान करना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
