हनुमानगढ़। इलाज के नाम पर अण्डकोष निकालने के मामले में गांव डबलीराठान निवासी निटूसिंह को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भारत की जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई) जिला कमेटी की ओर से मंगलवार से जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने बेमियादी धरना शुरू किया गया। डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि निटूसिंह के मामले में न्याय मिलने तक धरना जारी रहेगा। डीवाईएफआई नेता वेद मक्कासर ने बताया कि डबलीराठान निवासी निटूसिंह के प्रकरण में सीएलजी हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. जितेंद्र अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर पूर्व में सीएलजी हॉस्पिटल के बाहर धरना दिया गया था। उस दौरान सीओ सिटी मीनाक्षी मौके पर पहुंचीं और जांच कमेटी गठित कर जांच करवाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की ओर से जांच कमेटी गठित कर जांच करवाई गई। डीवाईएफआई की ओर से मामले की जांच बीकानेर बोर्ड से करवाने की मांग की गई थी। इसके बाद बीकानेर जांच के लिए पत्र जारी किया गया। वेद मक्कासर के अनुसार जब निटूसिंह बीकानेर पहुंचा तो मेडिकल कॉलेज स्टाफ ने पुलिस प्रतिनिधिमंडल के साथ आने पर ही जांच किए जाने की बात कही। उन्होंने बताया कि इस संबंध में डीवाईएफआई की ओर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को दो बार अवगत करवाकर निटूसिंह के साथ पुलिस प्रतिनिधिमंडल बीकानेर भेजने की मांग की गई, लेकिन अभी तक इस दिशा में कार्रवाई नहीं हुई। वेद मक्कासर ने पुलिस पर मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि निटूसिंह को न्याय मिलने तक संगठन की ओर से आंदोलन जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक कार्यकर्ता एसपी कार्यालय के सामने धरने पर डटे रहेंगे।
