हनुमानगढ़। श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास एवं नीलकंठ काण्ड सेवा समिति की ओर से 28वां निष्काम भंडारा नीलकंठ धाम, हनुमानगढ़ धर्मशाला (उत्तराखंड) में 13 फरवरी से 15 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर 9 फरवरी, सोमवार को हनुमानगढ़ से भंडारा ट्रकों के जरिए रवाना किया जाएगा। श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के संस्थापक व अध्यक्ष अश्विनी नारंग ने बताया कि भंडारे की रवानगी टाउन स्थित श्री अरोड़वंश धर्मशाला के शिव मंदिर से की जाएगी। इस मौके पर विधायक गणेश राज बंसल सहित प्रन्यास के सदस्य मौजूद रहेंगे। भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत हरी झंडी दिखाकर भंडारे को नीलकंठ धाम के लिए रवाना किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रन्यास एवं सेवा समिति की ओर से नीलकंठ धाम में महादेव के दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भंडारे के साथ-साथ ठहरने की समुचित व्यवस्था की जाएगी ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि यह भंडारा निरंतर 27 वर्षांे से आयोजित किया जा रहा है और हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि देखने को मिलती है। सेवा, समर्पण और श्रद्धा की भावना के साथ आयोजित यह आयोजन सामाजिक समरसता और धार्मिक आस्था का प्रतीक बन चुका है।
