हनुमानगढ़। जंक्शन की न्यू सिविल लाइंस कॉलोनी में निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाकर चोर लाखों रुपए की कॉपर तार चोरी कर ले गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कॉलोनीवासी परेशान हैं। न्यू सिविल लाइंस वेलफेयर सोसायटी ने शुक्रवार को जंक्शन पुलिस थाना में परिवाद सौंपकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की। सोसायटी सचिव प्रेम सिंह राघव के अनुसार, 13 अक्टूबर की रात राजेन्द्र कुमार डाल पुत्र गोपाल राम डाल निवासी आई-242, न्यू सिविल लाइंस के मकान आई-227 से कॉपर तार के 40 बंडल चोरी हो गए। इनकी अनुमानित कीमत 90 हजार रुपए बताई गई है। इसी प्रकार प्रमोद कुमार अग्रवाल पुत्र कृष्ण कुमार अग्रवाल निवासी बी-191 के मकान से करीब 60 बंडल कॉपर तार चोरी हुए, जिनकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए आंकी गई है। वहीं, विजय कुमार पुत्र कृष्ण लाल निवासी डी ब्लॉक के मकान ए-230 से भी कॉपर तार के 30 बंडल चोरी होने की शिकायत दी गई है। इनकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपए बताई गई है। तीनों घटनाओं में कुल 2.90 लाख रुपए की कॉपर तार चोरी होने का उल्लेख किया गया है। सोसायटी पदाधिकारियों ने बताया कि कॉलोनी में आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे निवासियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस से मामलों में मुकदमा दर्ज कर अज्ञात चोरों को गिरफ्तार करने और चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की।
