– 204 ग्राम पंचायतों में सरपंच-पंच पदों के लिए मतदाताओं में भारी उत्साह, सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लगी कतारें; पल्लू 72.14 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे
हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण में गुरुवार को जिले की छह पंचायत समितियों की 204 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं पंच पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। दोपहर 3 बजे तक जिले में 69.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इसके तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे शुरू होनी थी, लेकिन मतदाताओं में उत्साह इस कदर था कि बड़ी संख्या में लोग सुबह 6.30 बजे ही मतदान केंद्रों पर पहुंच गए। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर कतारें लगनी शुरू हो गईं।

इनमें महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों की तुलना में अधिक नजर आई। दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई। सुबह 10 बजे तक जिले में 24.10 प्रतिशत मतदान हुआ, जो दोपहर 1 बजे तक बढ़कर 52 प्रतिशत और दोपहर 3 बजे तक 69.45 प्रतिशत पहुंच गया। तीसरे चरण के चुनाव में जिले की छह पंचायत समितियों की 204 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 873 तथा पंच पद के लिए 2151 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतदान के लिए कुल 749 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन पर 7 लाख 28 हजार 911 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
पंचायत समिति वार मतदान प्रतिशत (दोपहर 3 बजे तक)
– पल्लू : 72.14 प्रतिशत
– नोहर : 71.66 प्रतिशत
– राजपुरा (8 बीएचडी) : 69.19 प्रतिशत
– भादरा : 68.90 प्रतिशत
– पीलीबंगा : 68.19 प्रतिशत
– हनुमानगढ़ जंक्शन : 65.27 प्रतिशत
सुबह 10 बजे तक जिले में 24.10 प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं दोपहर 1 बजे तक पल्लू में 52.71, नोहर में 52, भादरा में 50.91, राजपुरा में 50.38, पीलीबंगा में 49.53 तथा हनुमानगढ़ जंक्शन में 47.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। दोपहर बाद मतदान की रफ्तार और तेज हो गई। जिले में शांतिपूर्ण मतदान जारी रहने के बीच अब सभी की नजर शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने के बाद आने वाले अंतिम आंकड़ों पर है।
