हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह जी से शुक्रवार को सालाना शहीदी समागम के उपलक्ष्य में नगर कीर्तन निकाला गया। सुबह अरदास के पश्चात पंज प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब परिसर से रवाना हुआ। नगर कीर्तन में शामिल संगत ने पूरे मार्ग में गुरबाणी का गुणगान करते हुए वातावरण को भक्तिमय बना दिया। नगर कीर्तन निर्धारित मार्गांे से गुजरता हुआ शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पहुंचा, जहां संगत ने पुष्पवर्षा कर संगत का स्वागत किया। संगत हाथों में निशान साहिब लिए वाहेगुरु का जाप करते हुए चल रहे थे। कीर्तन जत्थों की ओर से शब्द-कीर्तन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक रंग में रंग गया। जगह-जगह सेवा भाव से शीतल जल, चाय व प्रसाद की व्यवस्था की गई।

नगर कीर्तन को लेकर महिलाओं, युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। संगत ने सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर योगदान दिया। नगर कीर्तन का समापन गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर हुआ। गुरुद्वारा साहिब की प्रबंध समिति के मुख्य सेवादार रणजीत सिंह बराड़ व मास्टर सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि इकोत्तरी पाठों का क्रम निरंतर जारी है और 1 मार्च को गुरुद्वारा साहिब में समागम का आयोजन किया जाएगा। नगर कीर्तन के आयोजन में जरनैल सिंह, नक्षत्र सिंह, राजेन्द्र सिंह, बलराज सिंह दानेवालिया, भोला सिंह, जोगेन्द्र सिंह, परमजीत कौर, जसपाल सिंह, ढेरा सिंह, बख्तावर सिंह, गुरतेज सिंह, नवीन बाकोलिया, सुखवीर सिंह सहित अन्य सेवादारों का सहयोग रहा।
