हनुमानगढ़। डबलीराठान के कुतुब बास निवासी एक महिला ने लखूवाली पुलिस चौकी प्रभारी, टाउन थाना प्रभारी तथा अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ आरोप लगाते हुए बुधवार को ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक को परिवाद सौंपा। महिला ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई तथा अपने पति को छुड़ाने की मांग की। रिम्पी पत्नी गुरप्रीत सिंह निवासी डबलीबास कुतुब ने बताया कि उसके पति गुरप्रीत सिंह के नाम चक 26 एनडीआर ए में कृषि भूमि दर्ज है, जिस पर उनके परिवार का कब्जा और काश्त है। महिला का आरोप है कि कुलवीर सिंह पुत्र आत्मासिंह, किरण कौर, मनजीत कौर और हरदीप कौर पुत्री कुलवीर सिंह उनकी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं तथा बार-बार फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। महिला ने आरोप लगाया कि उक्त लोग झूठे तथ्यों के आधार पर लखूवाली पुलिस चौकी में शिकायतें देकर पुलिस को मौके पर ले जाते हैं और पुलिस की मौजूदगी में उनके परिवार की फसल को नुकसान पहुंचाया जाता है। परिवाद में कहा गया है कि हाल ही में खेत में बोई गई नरमा की फसल भी नष्ट करवा दी गई। रिम्पी ने यह भी आरोप लगाया कि 2 जून को लखूवाली चौकी प्रभारी एक निजी बोलेरो कैंपर वाहन में मौके पर पहुंचे और उसके पति गुरप्रीत सिंह को खेत से बिना किसी कारण अपने साथ ले गए। महिला का कहना है कि इस संबंध में उसे कोई सूचना नहीं दी गई और उसे अपने पति के बारे में जानकारी नहीं दी गई। परिवाद में महिला ने आरोप लगाया कि संबंधित पुलिस अधिकारी और कथित विरोधी पक्ष आपस में मिले हुए हैं तथा उनके परिवार को परेशान किया जा रहा है। उसने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा अपने पति को मुक्त करवाने की मांग की।
