हनुमानगढ़। टाउन स्थित प्राकृतिक चिकित्सालय की ओर से सालासर-पल्लू धाम की पैदल यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं की सेवा के लिए मंगलवार को नि:शुल्क शिविर शुरू किया गया। शिविर में लंबी दूरी तय करने वाले पदयात्रियों को थकान से राहत देने के उद्देश्य से पैरों की मसाज, मालिश और विभिन्न थैरेपी की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यह शिविर करीब एक सप्ताह तक जारी रहेगा। प्राकृतिक चिकित्सालय की नेचुरोपैथी विशेषज्ञ मायरा ढाका ने बताया कि शिविर में मशीनों के माध्यम से पदयात्रियों के पैरों की मसाज की जा रही है। इसके अलावा पैरों की नसों को आराम देने के लिए वाइब्रेशन थैरेपी और कांसा मशीन से मालिश की सुविधा भी उपलब्ध है। इन सेवाओं का उद्देश्य लंबी दूरी तक पैदल चलने के कारण होने वाली थकान और पैरों की परेशानी में राहत पहुंचाना है। मायरा ढाका ने बताया कि उन्होंने यातायात शाखा के बाहर यातायात पुलिसकर्मियों को पदयात्रियों के लिए नि:शुल्क फल और पानी की सेवा करते देखा। इससे प्रेरित होकर उनके मन में भी श्रद्धालुओं की सेवा के लिए नि:शुल्क शिविर लगाने का विचार आया। इसी उद्देश्य से मंगलवार से शिविर की शुरुआत की गई, ताकि सालासर-पल्लू जाने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान राहत मिल सके। शिविर में डॉ. कुलदीप, इन्द्रसेन और चिकित्सालय के स्टाफ की ओर से सेवाएं दी जा रही हैं।
