– हनुमानगढ़ टाउन व रायसिंहनगर थाने की लोकेशन और वीडियो भेजने का आरोप, बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने पाकिस्तान के कथित आतंकी एवं गैंगस्टर शहजाद भट्टी से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क रखने के आरोप में 20 वर्षीय क्रिश राय उर्फ शान पुत्र अजय राय मंडल को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्तमान में हनुमानगढ़ टाउन के दशहरा ग्राउंड के पास वार्ड नंबर 45 में रहता है। उसके विरुद्ध पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन में प्रकरण संख्या 435/24.06.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 113(3) एवं 152 में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि आरोपी कई दिनों से सोशल मीडिया के माध्यम से शहजाद भट्टी के संपर्क में था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने हनुमानगढ़ टाउन एवं रायसिंहनगर पुलिस थानों की लोकेशन और वीडियो बनाकर शहजाद भट्टी को भेजे। इसके अलावा उसने कथित रूप से शहजाद भट्टी की पोस्ट, हथियारों से संबंधित तस्वीरें और अन्य सामग्री अपने सोशल मीडिया अकाउंट से साझा की तथा व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के माध्यम से उससे बातचीत भी करता रहा। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने मोबाइल फोन से कथित रूप से शहजाद भट्टी के व्हाट्सएप नंबर और इंस्टाग्राम आईडी पर संपर्क स्थापित किया तथा पुलिस प्रतिष्ठानों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। पुलिस का आरोप है कि आरोपी की गतिविधियां भारत की आंतरिक सुरक्षा, संप्रभुता, एकता और अखंडता के लिए खतरा उत्पन्न करने वाली थीं। इन आरोपों की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी मूल रूप से बिहार के दरभंगा का निवासी है, जबकि उसका परिवार पिछले करीब 30 वर्षों से हनुमानगढ़ में रह रहा है। पुलिस ने यह भी बताया कि इससे पहले 24 मार्च 2026 को हनुमानगढ़ टाउन निवासी जसवंत कुमार उर्फ सोनू तथा 6 अप्रैल 2026 को सुरेशिया निवासी सुनील कुमार उर्फ धोलू को भी शहजाद भट्टी से संपर्क रखने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है। इस कार्रवाई में एजीटीएफ हनुमानगढ़, डीएसटी हनुमानगढ़, साइबर सेल हनुमानगढ़ तथा पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन की संयुक्त टीम शामिल रही।
