हनुमानगढ़। स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की ओर से शारीरिक शिक्षा शिक्षक (पीटीआई) भर्ती परीक्षा 2026 में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर मंगलवार को जंक्शन स्थित विद्यासागर एकेडमी में छात्र सभा आयोजित की गई। सभा में 18 जून को जिला कलक्ट्रेट के समक्ष प्रस्तावित प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं से भागीदारी का आह्वान किया गया। सभा में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष महेन्द्र शर्मा ने कहा कि पीटीआई भर्ती परीक्षा 2026 में केवल 1000 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है, जबकि राज्य में बड़ी संख्या में शारीरिक शिक्षकों के पद रिक्त पड़े हैं। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर एसएफआई सहित विभिन्न छात्र संगठन लगातार आवाज उठा रहे हैं और कोचिंग संस्थानों में सभाओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं को जागरूक किया जा रहा है। महेन्द्र शर्मा ने कहा कि प्रदेश में खेल मैदानों की संख्या कम होने के साथ-साथ पीटीआई पदों में भी कमी आई है। इसके कारण युवाओं का खेलों से जुड़ाव प्रभावित हुआ है। उन्होंने हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए पर्याप्त संख्या में पीटीआई की नियुक्ति आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर भी लगातार बदलाव किए जा रहे हैं, जिससे छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्र सभा में मौजूद छात्र-छात्राओं से 18 जून को जिला कलक्ट्रेट पर आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी मांगों को मजबूती से रखने की अपील की गई। सभा में छात्र-छात्राओं ने भी पीटीआई भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग का समर्थन करते हुए सरकार से रिक्त पदों के अनुरूप भर्ती प्रक्रिया संचालित करने की मांग की।
