हनुमानगढ़। पीलीबंगा पुलिस थाना में तैनात एक कांस्टेबल पर पंचायत करवाने की एवज में दोनों पक्षों से अवैध रूप से रुपए लेने और लोगों को धमकाने के आरोप लगे हैं। गुरुवार को गांव लोंगवाला के ग्रामीण माकपा के बैनर तले पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे और आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। माकपा नेता रघुवीर वर्मा ने बताया कि पीलीबंगा थाना में तैनात कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार राठौड़ पर स्थानीय लोगों को पैसे के लिए परेशान करने के आरोप हैं। उन्होंने कहा कि कांस्टेबल पहले लोगों से रुपए उधार लेता है और जब लोग अपने पैसे वापस मांगते हैं तो वह पुलिस का दबाव बनाकर धमकाने लगता है। रघुवीर वर्मा के अनुसार एक परिवार ने कांस्टेबल से अपने रुपए वापस मांगे तो उन्हें दो बार थाने बुलाया गया और कथित रूप से धमकी दी गई कि दोबारा पैसे मांगे तो हवालात में बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक पारिवारिक विवाद में गांव लोंगवाला के दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पंचायत करवाई गई और इसकी एवज में एक पक्ष से 15 हजार तथा दूसरे पक्ष से 10 हजार रुपए लिए गए। आरोप है कि कांस्टेबल ने दोनों पक्षों से यह भी कहा कि इस बारे में थाना प्रभारी को जानकारी नहीं दी जाए। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि संबंधित कांस्टेबल से लोगों के रुपए वापस दिलवाए जाएं और उसे पीलीबंगा थाने से हटाया जाए। माकपा नेताओं के अनुसार पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शाम तक कांस्टेबल को थाने से हटाने का आश्वासन दिया है। साथ ही कथित रूप से लिए गए रुपए वापस दिलवाने की बात भी कही गई है। इस मौके पर गिरधारी, वेद मक्कासर, सतपाल, लक्ष्मी, विनोद, रामेश्वर, राजेन्द्र, महावीर, सुरेन्द्र, मदन, जयपाल, नवीन कुमार, प्रमोद, इन्द्राज, राकेश, दीपसिंह, जसविन्द्र सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
