– रकम वापस नहीं करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पूर्व पार्षद ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
हनुमानगढ़। पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक विनोद गोठवाल पर पीलीबंगा नगर पालिका की एक निवर्तमान महिला पार्षद ने पालिकाध्यक्ष बनाने के नाम पर 60 लाख रुपए ऐंठने का आरोप लगाया है। मंगलवार को पूर्व पार्षद ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। पीलीबंगा के वार्ड 34 से निवर्तमान पार्षद शारदा पूनिया पत्नी शिव कुमार बिश्नोई ने आरोप लगाया कि करीब एक वर्ष पहले पीलीबंगा नगर पालिका उपचुनाव के दौरान विधायक विनोद गोठवाल ने उन्हें पालिकाध्यक्ष बनाने का भरोसा दिलाते हुए कहा था कि इसके लिए अन्य पार्षदों को साधने के लिए धन की आवश्यकता होगी। इस भरोसे पर उन्होंने विधायक को 60 लाख रुपए दिए, लेकिन चुनाव के समय उन्हें पालिकाध्यक्ष नहीं बनाया गया। उनका कहना है कि बाद में जब उन्होंने अपनी राशि वापस मांगी तो विधायक ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और कहा कि पैसे पार्षदों को दे दिए गए हैं। आरोप है कि पिछले एक वर्ष से लगातार राशि लौटाने की मांग के बावजूद उन्हें पैसे वापस नहीं मिले। शारदा पूनिया ने यह भी आरोप लगाया कि सोमवार को आयोजित कांग्रेस की बैठक के दौरान जब उन्होंने दोबारा इस विषय को उठाया तो विधायक ने कार्यकर्ताओं के सामने उनके और उनके पुत्र के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने दावा किया कि विधायक ने कहा कि पहले भी उन्हें नुकसान पहुंचाने के लिए गुंडे भेजे गए थे और अगली बार वे नहीं बचेंगे। शारदा पूनिया ने कहा कि उनका परिवार वर्षांे से कांग्रेस से जुड़ा रहा है और आज भी पार्टी के प्रति निष्ठावान है, लेकिन पार्टी के ही विधायक की ओर से उनके साथ इस प्रकार का व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत कांग्रेस हाईकमान से भी की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पीलीबंगा थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश देने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। शारदा पूनिया के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगी।
