हनुमानगढ़। टाउन स्थित आर्य समाज मंदिर में रविवार को श्रद्धा, आस्था और भक्ति के वातावरण में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। यह आयोजन डॉ. प्रदीप सहारण एवं बाल कल्याण समिति सदस्य अनुराधा सहारण की ओर से अपने पिता कान्हाराम सहारण की पुण्यतिथि के मौके पर किया गया। यज्ञ का विधिवत संचालन आनंद मोहन कौशिक की ओर से आर्य समाज की वैदिक पद्धति के अनुसार किया गया। शुद्ध वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मंत्रों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस मौके पर एडवोकेट ओम प्रकाश मोदी, चंद्रकला मोदी, आर्य समाज अध्यक्ष वीरेंद्र सोनी, वीणा आर्य, वंदना आर्य, प्रवेश छाबड़ा, विष्णु वर्मा, राजू वर्मा, पुष्पलता आर्य, बलवंत सिंह, गुरजन्ट सिंह सहित समिति के अन्य सदस्यों ने भी हवन में आहुतियां अर्पित कीं और दिवंगत कान्हाराम सहारण के जीवन, उनके संस्कारों एवं सामाजिक योगदान को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि पुण्यतिथि जैसे अवसर हमें अपने पूर्वजों के आदर्शांे से प्रेरणा लेने तथा समाज में सकारात्मक कार्य करने का संदेश देते हैं। डॉ. प्रदीप सहारण एवं अनुराधा सहारण ने कहा कि उनके पिता सदैव सत्य, सेवा और सामाजिक मूल्यों के मार्ग पर चलने वाले व्यक्तित्व थे। आर्य समाज की परंपरा के अनुसार हवन यज्ञ का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि देना उनके लिए एक भावनात्मक एवं आत्मिक क्षण है। कार्यक्रम के अंत में शांतिपाठ किया गया।
