हनुमानगढ़। कृषि भूमि विवाद और कब्जा करने के प्रयास के मामले में न्यायालय के आदेश पर टिब्बी थाना पुलिस ने पांच जनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार परिवादी मलकीत सिंह पुत्र स्वर्ण सिंह निवासी तलवाड़ा झील ने अदालत में इस्तगासा प्रस्तुत कर बताया कि उसके पिता स्वर्ण सिंह ने वर्ष 1994 में चक 3 टीएलडब्ल्यू क्षेत्र की कृषि भूमि 4.50 लाख रुपए में जोगेन्द्र सिंह और दीदार सिंह से खरीदी थी और उसी समय कब्जा भी प्राप्त कर लिया गया था। आरोप है कि बाद में इन दोनों ने वर्ष 2007 में उसी भूमि को भजन सिंह पुत्र दीदार सिंह को पुन: बेच दिया, जिससे राजस्व रिकॉर्ड में विवाद उत्पन्न हो गया और इंतकाल दर्ज नहीं हो सका। परिवादी के अनुसार उसके पिता की मृत्यु 2016 के बाद से उसका और परिवार का कब्जा भूमि पर लगातार बना हुआ है। जब उन्होंने आरोपियों से संपर्क किया तो आरोपियों ने कथित रूप से कहा कि उन्होंने दो बार भूमि बेचकर पैसा ले लिया है और अब आप कोर्ट-कचहरी के धक्के खाओ। परिवादी का आरोप है कि 11 जनवरी 2026 को आरोपी जोगेन्द्र सिंह, दीदार सिंह, भजन सिंह, जयमल सिंह और बलविंद्र सिंह हथियारों (लाठियों) के साथ जमीन पर कब्जा करने की नीयत से पहुंचे। जब ग्रामीणों के एकत्र होने पर उन्हें रोका गया तो वे धमकी देकर फरार हो गए। आरोप है कि आरोपियों ने आपराधिक साजिश रचकर न केवल भूमि का पुन: विक्रय किया बल्कि अब कब्जा करने का प्रयास कर परिवादी को बेदखल करने की कोशिश की। अदालत के आदेश पर टिब्बी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक फरसराम को सौंपी है।
