हनुमानगढ़। जिले में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 33,290 रुपये की सट्टा राशि, दो मोबाइल फोन, सट्टा पर्चियां और लाखों रुपये के हिसाब-किताब से जुड़ी सामग्री बरामद की है। तीनों मामलों में पुलिस थाना सदर हनुमानगढ़ में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई में डबली निवासी राजकुमार पुत्र हंसराज कुम्हार (32) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से करीब 5,500 रुपये की नगद सट्टा राशि, एक मोबाइल फोन तथा सट्टे के हिसाब-किताब से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सदर में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दूसरी कार्रवाई में 25 मार्च 2026 को कस्बा डबली में राजकुमार पुत्र अतरचंद (49) निवासी वार्ड नंबर 8, डबली को सट्टा लगवाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 12,800 रुपये नगद सट्टा राशि और सट्टा पर्चियां बरामद की हैं।

आरोपी के खिलाफ भी पुलिस थाना सदर में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं तीसरी कार्रवाई में गांव जंडावाली से प्यारासिंह पुत्र लबुराम बाजीगर (52) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से करीब 14,990 रुपये की नगद सट्टा राशि, एक मोबाइल फोन और सट्टे का हिसाब-किताब बरामद किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला विशेष टीम ) की सूचना पर इन तीनों स्थानों पर कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
