हनुमानगढ़। राजस्थान पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और उनके आश्रित परिवारजनों की पेंशन एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने गुरुवार को कार्यालय आदेश जारी कर आवश्यक निर्देश दिए। आदेश के अनुसार, पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देशों के क्रम में राजकॉप सिटीजन ऐप पर राजस्थान पुलिस पेंशनर्स पोर्टल (आर3पी) नामक मॉड्यूल उपलब्ध कराया गया है। इसके माध्यम से सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी और उनके परिजन पंजीकरण कर अपनी पेंशन, आपातकालीन सेवाओं एवं स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए ऑनलाइन अनुरोध दर्ज कर सकेंगे। पोर्टल के जरिए पेंशनर्स को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता भी प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार, इस कार्य के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अरविंद बिश्नोई को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें निर्देशित किया गया है कि वे सेवानिवृत्त पेंशनर्स से समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। पुलिस प्रशासन ने सभी पेंशनर्स से अपील की है कि वे इस पोर्टल पर पंजीकरण कर सुविधा का लाभ उठाएं और किसी भी समस्या के समाधान के लिए ऑनलाइन माध्यम का उपयोग करें।
