पल्लू। पल्लू क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। गांव पूरबसर में 33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) के निर्माण कार्य का मंगलवार को विधिवत शुभारंभ कर दिया गया। इस परियोजना के पूरा होने के बाद पूरबसर सहित आसपास के गांवों में बिजली आपूर्ति पहले से अधिक मजबूत और सुचारु हो सकेगी। जानकारी के अनुसार, 33 केवी जीएसएस निर्माण का टेंडर हनुमानगढ़ की श्री कवर कंस्ट्रक्शन कंपनी को आवंटित किया गया है। निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग से मिलेगी राहत
ग्रामीण क्षेत्र लंबे समय से लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं से जूझ रहा था। नए जीएसएस के शुरू होने से इन समस्याओं में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है, जिससे किसानों, घरेलू उपभोक्ताओं और स्थानीय व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
समय पर निर्माण का भरोसा
शुभारंभ अवसर पर मौजूद अधिकारियों और निर्माण कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि परियोजना को तय समय में पूरा करने के लिए कार्य तेज गति से किया जाएगा। निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
