हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग की ओर से विभाग के पूर्व छात्र (एलुमनाई) जसविंद्र सिंह (बीपीईएस बैच-2020) का विशेष गेस्ट लेक्चर मंगलवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन देना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत विभागाध्यक्ष डॉ. रमनदीप कौर ने की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को जसविंद्र सिंह का परिचय करवाते हुए उनकी खेल उपलब्धियों एवं विश्वविद्यालय के लिए उनके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र-छात्राओं की सफलताएं वर्तमान छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत होती हैं और ऐसे संवाद आत्मविश्वास व सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। इस मौके पर विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्र-छात्राओं में खेल भावना, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, धैर्य, संघर्ष और टीम भावना का विकास करते हैं, जो जीवन में सफलता के लिए आवश्यक हैं। गेस्ट लेक्चर के दौरान जसविंद्र सिंह ने अपने खेल जीवन के अनुभव छात्र-छात्राओं के साथ साझा किए। उन्होंने एथलेटिक्स की लॉन्ग जंप स्पर्धा में हासिल उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्हें जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में रजत पदक तथा सीनियर नेशनल प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न ऑल इंडिया राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सहभागिता के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत जरूरी है। कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य के प्रति समर्पण से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है। जसविंद्र सिंह ने छात्र-छात्राओं को समय प्रबंधन, मानसिक मजबूती और सकारात्मक सोच के महत्व से भी अवगत कराया तथा खेलों को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया। विश्वविद्यालय के आईक्यूएसी निदेशक डॉ. अवधेश शर्मा ने एलुमनाई छात्र जसविंद्र सिंह को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
