हनुमानगढ़। गांव सतीपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को प्रवेशोत्सव महाअभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली। रैली का उद्देश्य अभिभावकों व आमजन को सरकारी विद्यालयों में बच्चों का अधिक से अधिक प्रवेश दिलाने के लिए प्रेरित करना रहा। रैली को संस्था प्रधान एवं पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी गुरदयाल सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली गांव की प्रमुख गलियों से होकर गुजरी, जहां विद्यार्थियों ने शिक्षा के प्रति जागरूकता के नारे लगाए। प्रवेशोत्सव पर्यवेक्षक नीतू तनेजा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सरकारी विद्यालयों की योजनाओं व सुविधाओं की जानकारी दी और अधिकाधिक नामांकन बढ़ाने का आह्वान किया। वहीं शिक्षिका मंजू गोयल ने विद्यार्थियों को सरकारी स्कूलों के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। रैली के दौरान प्रवेशोत्सव प्रभारी प्राध्यापक चंद्रकला सुथार के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने गांवभर में शिक्षा जागरूकता का संदेश दिया। इस मौके पर प्राध्यापक माडूराम, शारीरिक शिक्षक सरिन्द्र कुमारी, वरिष्ठ अध्यापक दयाराम शर्मा, राजबाला, माया, मधुबाला, सुलोचना, रजनीबाला, रेणु, कान्ता, अध्यापिका सुमित्रा, नीलम, सविता, आकांक्षा, एएओ दिनेश, बिहारीलाल आदि मौजूद रहे।
