हनुमानगढ़। जंक्शन की अग्रवाल समाज समिति की ओर से एक मार्च को फाल्गुन मिलन महोत्सव का आयोजन महाराजा अग्रसेन भवन में किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों के संबंध में समिति की बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। इसमें कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई तथा सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं जैसे सजावट, स्वागत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रसाद वितरण, मंच संचालन एवं अनुशासन व्यवस्था को लेकर अलग-अलग समितियों का गठन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष सुभाष बंसल ने कहा कि फाल्गुन मिलन महोत्सव समाज की एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का माध्यम है। इस आयोजन का उद्देश्य समाज के सभी वर्गांे को एक मंच पर लाकर पारिवारिक वातावरण में उत्सव मनाना है। कार्यक्रम में विशेष रूप से डांडिया, आकर्षक उपहार, भजन संध्या, फूलों की होली एवं वृंदावन की रासलीला आकर्षण का केन्द्र रहेगी। उन्होंने सभी सदस्यों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। प्रचार मंत्री मुकेश मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम में विधायक गणेश राज बंसल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में उपखंड अधिकारी उमा मित्तल, बीएसएनएल एजीएम अश्वनी गर्ग, समाजसेवी राजकुमार बंसल एवं डॉ. पीसी बंसल शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त भजन गायक दीपक गर्ग, डांडिया स्पेशलिस्ट दीपाली यादव और ईशु जुनेजा विशेष आमंत्रित कलाकार के रूप में प्रस्तुतियां देंगे। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरके गर्ग, उपाध्यक्ष अनिल बंसल, सचिव तरसेम जिंदल, उपसचिव महावीर बंसल, कोषाध्यक्ष आशीष गोयल, विधि मंत्री दिनेश गुप्ता, संगठन मंत्री सुरेश मित्तल, मनोनीत सदस्य सुभाष मित्तल व सुदेश गोयल मौजूद थे।
