हनुमानगढ़। व्यावसायिक वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया बंद किए जाने के विरोध में बुधवार को ट्रक-बस ऑपरेटरों और टैक्सी चालकों का आक्रोश खुलकर सामने आया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत वाहन संचालकों ने जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय में कामकाज बंद करवा दिया और बेमियादी धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने अपने ट्रक, बस और टैक्सी डीटीओ कार्यालय परिसर में खड़े कर दिए और विभागीय आदेश को दमनकारी एवं तानाशाही करार दिया।

उनका कहना है कि यदि पूर्व की भांति जिला मुख्यालय पर ही व्यावसायिक वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में हनुमानगढ़ जिला ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ-साथ यातायात जनसेवा सलाहकार समिति के सदस्य भी शामिल हुए। इस दौरान जब डीटीओ अपने चैम्बर में जाने लगे तो प्रदर्शनकारियों ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक वे कार्यालय से सरकार को इस संबंध में पत्र लिखने की सहमति नहीं देंगे, तब तक उन्हें अंदर नहीं जाने दिया जाएगा।

बाद में सहमति बनने पर डीटीओ को उनके चैम्बर में जाने दिया गया। जिला ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष जुगल किशोर राठी और लीलाधर शर्मा ने बताया कि विभागीय आदेश के चलते अब हनुमानगढ़ डीटीओ कार्यालय में व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया बंद कर दी गई है। इसके कारण ट्रक और बस मालिकों को वाहन फिटनेस के लिए करीब 350 किलोमीटर दूर बीकानेर जिले के नोखा स्थित एटीएस केन्द्र जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में वाहन मालिकों को 20 हजार से 30 हजार रुपए तक का अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ रहा है।

इसके अलावा, रास्ते में पड़ने वाले टोल प्लाजा पर ऑनलाइन चालान होने से भी आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उनका आरोप है कि यह निर्णय जिले के परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए अत्यंत नुकसानदायक है। उन्होंने मांग रखी कि जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ पर पूर्ववत व्यावसायिक वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्था बहाल की जाए। ट्रक-बस ऑपरेटरों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो वे वार्षिक टैक्स जमा करने से संबंधित किसी भी प्रक्रिया में भाग नहीं लेंगे और न ही टैक्स जमा कराएंगे।
पुतला दहन और वर्क सस्पेंड की घोषणा

आंदोलन को और तेज करते हुए ट्रक-बस ऑपरेटरों ने गुरुवार को डीटीओ कार्यालय के बाहर परिवहन मंत्री का पुतला दहन करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि परिवहन विभाग की ओर से बिना फिटनेस के किसी वाहन को पकड़ा जाता है, तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित वाहन मालिक की नहीं होगी, बल्कि विभाग की होगी। वहीं, यातायात जनसेवा सलाहकार समिति ने भी ट्रक-बस ऑपरेटरों और टैक्सी चालकों की मांगों का समर्थन करते हुए गुरुवार को वर्क सस्पेंड रखने की घोषणा की है। उधर, बुधवार को ट्रक-बस ऑपरेटरों व यातायात जनसेवा सलाहकार समिति के सदस्यों ने भाजपा जिलाध्यक्ष को भी मांग के संबंध में ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर भगवती प्रसाद राठी, मंगल सिलू, मनीष शर्मा, घनश्याम स्वामी, सुशील कुकरेजा, प्रमोद शर्मा, राकेश बाघला व संजय गोयल मौजूद रहे।
