हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित मुख्य डाकघर परिसर में बने रिजनल पासपोर्ट कार्यालय को शुक्रवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एहतियात के तौर पर पासपोर्ट कार्यालय और मुख्य डाकघर को तुरंत खाली करवा दिया गया तथा कर्मचारियों और आगंतुकों को बाहर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया गया ताकि कोई अंदर जा-आ न सके। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12.35 बजे पासपोर्ट कार्यालय जयपुर से ई-मेल के माध्यम से धमकी की सूचना मिली। इसके बाद डिवीजन कार्यालय से भी धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ, जिसमें पत्र अटैच था। पोस्ट मास्टर बलवीर सिंह बराड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम को अवगत करवाया गया और तत्काल सुरक्षा के मद्देनजर कार्यालय बंद करवा दिया गया। सूचना पर पुलिस टीम मेटल डिटेक्टर के साथ मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सघन जांच की। हालांकि जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे राहत की सांस ली गई। इस मौके पर जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां, साइबर थाना प्रभारी रघुवीर सिंह बीका, महिला थाना प्रभारी रजनदीप कौर, एसआई गजेन्द्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि इससे पहले 10 मार्च को भी इसी पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। वहीं, इससे पूर्व दो बार जिला कलक्ट्रेट को भी इसी तरह की धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हो चुके हैं। पिछले वर्ष 14 अप्रैल और 14 दिसंबर को भी हनुमानगढ़ सहित प्रदेश के अन्य जिला कलक्ट्रेट को धमकियां मिली थीं, जो जांच में झूठी साबित हुई थीं। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए पुलिस व प्रशासन सतर्क है और हर सूचना को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है।
