हनुमानगढ़। फुटपाथ पर सो रहे एक वृद्ध मजदूर पर चार जनों ने लाठियों से हमला कर दिया। हमले में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। टाउन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार चक सरदारपुरा, मीलों का बास निवासी रमेश कुमार (85) पुत्र आदराम, जो दिहाड़ी मजदूरी व वेटर का काम करता है, करीब 15 दिन पहले काम की तलाश में हनुमानगढ़ आया था। 24 मार्च को वह एक शादी समारोह में वेटर का काम करने गया था। इस दौरान सहकर्मियों बब्बू, खुशीराम, संजय व दीपक के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। रमेश कुमार ने पर्चा बयान में बताया कि 25 मार्च की रात्रि को वह गोशाला में खाना खाने के बाद हीरालाल व रणजीत के साथ टाउन के वार्ड 36 स्थित किसान टायर दुकान के सामने फुटपाथ पर सो गया था। रात करीब 9 से 9.15 बजे के बीच आरोपी बब्बू ने उसे आवाज देकर उठाया और उसी दौरान चारों आरोपी लाठियां लेकर वहां पहुंचे। आरोप है कि उठते ही चारों ने उस पर लाठियों से हमला कर दिया। शोर मचाने पर पास में सो रहे हीरालाल व रणजीत भी जाग गए और बीच-बचाव किया, लेकिन तब तक आरोपियों ने उसके पैरों व पेट पर गंभीर चोटें पहुंचा दीं। हमले में रमेश कुमार के दोनों पैरों के घुटनों से नीचे गंभीर चोटें आईं। पैरों की नलियों पर चोट लगने से खून बहने लगा तथा सूजन व नीले निशान भी बन गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। रात में मोबाइल फोन नहीं होने के कारण घायल वहीं फुटपाथ पर पड़ा रहा। सुबह आसपास के दुकानदारों ने उसकी हालत देखकर उसे राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया। घायल के पर्चा बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपियों बब्बू, खुशीराम, संजय व दीपक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई राजवीर सिंह को सौंपी है।
