हनुमानगढ़। शहर के श्री श्री सीता राम लक्ष्मण हनुमान मंदिर परिसर में 3 मार्च, मंगलवार को सायं 7 बजे से ‘फूलों की होली’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को लेकर भक्तों में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम के अंतर्गत सुंदर झांकी, मधुर कीर्तन एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। मंदिर प्रांगण को आकर्षक पुष्प सज्जा और पारंपरिक अलंकरण से सजाया जाएगा, जिससे भक्तों को आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव हो सके। फूलों की होली के माध्यम से श्रद्धालु भगवान के श्री विग्रहों के साथ भक्तिभाव से उत्सव मनाएंगे। मंदिर समिति के अनुसार, यह आयोजन सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक जागरण का संदेश देता है। कार्यक्रम में स्थानीय श्रद्धालुओं सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर प्रशासन ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की है। यह आयोजन श्री श्री सीता राम लक्ष्मण हनुमान मंदिर, इस्कॉन हनुमाननगर केंद्र, भारत गैस एजेंसी के पीछे, टाउन जंक्शन रोड स्थित मंदिर प्रांगण में होगा।
