चारणवासी। जिले के सबसे बड़े गांव फेफाना की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर में प्रदेश के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर ठोस समाधान की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने चिकित्सा, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास जैसे अहम क्षेत्रों में व्याप्त कमियों को विस्तार से रखते हुए त्वरित बजट आवंटन की आवश्यकता पर जोर दिया। स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे पर प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फेफाना का भवन वर्ष 1980 में निर्मित हुआ था, जो अब पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा इसे असुरक्षित घोषित किए जाने के बावजूद अस्पताल महज पांच कमरों में संचालित हो रहा है। इससे मरीजों और चिकित्सा कर्मियों को गंभीर असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य निदेशक से मांग की कि नए भवन के निर्माण के लिए तत्काल बजट स्वीकृत किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। महिला एवं बाल विकास से जुड़े मुद्दों पर भी प्रतिनिधिमंडल ने चिंता जताई। गांव में संचालित पांचों आंगनबाड़ी केंद्रों के पास स्वयं का भवन नहीं है और वे वर्तमान में स्कूल परिसरों में संचालित हो रहे हैं। इससे दूर-दराज की ढाणियों में रहने वाले छोटे बच्चों की पहुंच सीमित हो जाती है, जिससे उनका प्रारंभिक विकास प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में महिला एवं बाल विकास मंत्री से मुलाकात कर सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए अलग-अलग भवनों के निर्माण की मांग की गई। शिक्षा क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पिछले सात वर्षों से ‘गृह विज्ञान’ विषय स्वीकृत नहीं होने पर आपत्ति दर्ज कराते हुए इसे तत्काल शुरू करने की मांग की गई। साथ ही, विभिन्न विद्यालयों में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों को शीघ्र भरने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो। इसके अलावा, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय (अंबेडकर बस्ती) का भवन ध्वस्त होने के बाद निर्माण कार्य बजट के अभाव में अधर में लटका हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने इस परियोजना के लिए भी शीघ्र बजट उपलब्ध कराने की मांग की। क्षेत्र के कृषि विकास को ध्यान में रखते हुए सिंचाई खालों के सुदृढ़ीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया, ताकि किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिल सकें। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में रविंद्र पूनिया (पुत्र पूर्व विधायक अमरसिंह पूनिया), श्योकत अली, संतलाल हुडा, राजकुमार जाखड़ सहित कई ग्रामीण और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर फेफाना के विकास को गति देगी।
संवाददाता-जयलाल वर्मा
