हनुमानगढ़। अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र बनाने पर लगी रोक हटाने की मांग को लेकर धाणका समाज का जिला कलक्ट्रेट के समक्ष चल रहा बेमियादी धरना बुधवार को 249वें दिन में प्रवेश कर गया। लंबे समय से सुनवाई नहीं होने से नाराज समाज का आंदोलन बुधवार को तेज हो गया। समाज के आह्वान पर बुधवार को हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों की अनाज मंडियां बंद रहीं। इसके चलते अनाज मंडियों में कामकाज बंद रहा। धाणका समाज ने जंक्शन स्थित अनाज मंडी परिसर में कृषि उपज मंडी समिति कार्यालय के सामने भी धरना दिया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग और मजदूर शामिल हुए। व्यापारी भी धाणका समाज की मांग को समर्थन देते हुए धरने में शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए तोला यूनियन अध्यक्ष सतपाल दामड़ी ने कहा कि समाज अपना हक मांग रहा है, लेकिन उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने से समाज के बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और वे नौकरी के अवसरों से वंचित रह रहे हैं। उन्होंने प्रशासन और सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, व्यापारी प्यारेलाल बंसल ने भी समाज की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार को आयोग गठित कर इस मुद्दे का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की उदासीनता के कारण समाज के युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे। स्कूलों में समाज के बच्चों का एडमिशन अटक गया है और छात्रवृत्ति रूक गई है। बंसल ने भरोसा दिलाया कि व्यापारी वर्ग धाणका समाज के साथ खड़ा है और उन्हें उनका हक मिलना चाहिए।
