हनुमानगढ़। पीलीबंगा के नए बस स्टैंड पर दिनदहाड़े एक महिला का पर्स चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब महिला राजस्थान रोडवेज की बस में सवार हो रही थी। पर्स में मोबाइल फोन, सोने की चेन और नकदी रखी हुई थी। पीलीबंगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वार्ड 15 डबलीवास मौलवी डबलीराठान निवासी पुष्पा (39) पत्नी पवन शर्मा ने पुलिस थाना पीलीबंगा में लिखित रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट के अनुसार 28 फरवरी को सुबह लगभग 11 से 11:30 बजे के बीच वह नया बस स्टैंड पीलीबंगा से हनुमानगढ़ जाने के लिए राजस्थान रोडवेज बस में चढ़ रही थीं। इसी दौरान भीड़भाड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका सफेद रंग का पर्स चोरी कर लिया। चोरी हुए पर्स में आईफोन, लगभग 1 तोला वजनी सोने की गले की चेन तथा 800 रुपए नकद थे। घटना के बाद महिला ने बस में बैठी सवारियों से पूछताछ की तो कुछ यात्रियों ने बताया कि बस में दो महिलाएं अचानक चढ़ीं और तुरंत उतर गईं। यात्रियों के अनुसार उनके हाथ में सफेद रंग का पर्स देखा गया था, जो प्रार्थीया के पर्स से मिलता-जुलता था। प्रार्थीया ने रिपोर्ट में गीता बावरी निवासी हांसलिया तथा पपुड़ी निवासी 34 एसटीजी नामक दो महिलाओं पर संदेह व्यक्त किया है। बताया जा रहा है कि ये महिलाएं पहले भी बसों में चोरी की घटनाओं में संदिग्ध रही हैं। पुलिस थाना पीलीबंगा ने रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक बलतेज सिंह को सौंपी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्ध महिलाओं की तलाश में जुट गई है। बस स्टैंड और बस मार्ग पर भी जांच की जा रही है।
