हनुमानगढ़। महाशिवरात्रि का पर्व रविवार, 15 फरवरी को श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के तत्वावधान में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता संस्थापक एवं अध्यक्ष अश्विनी नारंग ने की। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर एवं भंडारा स्थल पर सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुव्यवस्थित रहेंगी। श्रद्धालुओं को पंक्तिबद्ध तरीके से दर्शन कराने, लंगर हॉल में प्रसाद वितरण की सुचारु व्यवस्था, बैठने की समुचित सुविधा तथा रात्रि जागरण कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की गई। आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।

संस्थापक एवं अध्यक्ष अश्विनी नारंग ने बताया कि रविवार को अल सुबह 5 बजे से रात्रि तक भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक रूप से सजाया गया है। उन्होंने बताया कि प्रन्यास की ओर से आगामी कार्ययोजना में गुरुकुल बनाने पर विचार किया जा रहा है।

इसमें गरीब परिवारों के बच्चों को पढ़ाया जाएगा। साथ ही हॉस्टल का भी निर्माण करवाया जाएगा। इस कार्य को जनसहयोग से मूर्त रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कुछ निर्माण कार्य चल रहे हैं। करीब तीन-चार माह में वह कार्य पूर्ण होने के बाद गुरुकुल भवन का निर्माण शुरू किया जाएगा। बैठक में समिति के सचिव चिमन मित्तल, निर्माण समिति अध्यक्ष रामचन्द्र बाघला, सुरेंद्र गाडी, महावीर शर्मा तथा भीष्म कौशिक मौजूद रहे।
