हनुमानगढ़। बार संघ सदस्यों की ओर से लंबे समय से प्रारम्भिक सुविधाओं जैसे सफाई व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल की मांग उठाए जाने तथा वैल्फेयर के नाम पर लाखों रुपए एकत्र होने के बावजूद अधिवक्ताओं की सामान्य आवश्यकताओं की पूर्ति नहीं होने को लेकर असंतोष सामने आया है। इसी क्रम में 125 अधिवक्ताओं के हस्ताक्षरों के साथ एक ज्ञापन मंगलवार को प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलक्टर को सौंपा। यह ज्ञापन बार संघ के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र सारस्वत एवं बाल कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष जोधा सिंह भाटी के नेतृत्व में सौंपा गया। ज्ञापन के जरिए आरोप लगाया गया कि बार संघ का विधिवत बैंक खाता तक नहीं खोला गया है और वित्तीय लेन-देन की पारदर्शिता नहीं रखी जा रही। वर्ष के अंत में अलग-अलग विवरण दर्ज किए बिना आय-व्यय को लगभग बराबर दर्शाकर सदस्यों को जानकारी दी जाती रही है। वर्ष 2025 की कार्यकारिणी का हिसाब वर्तमान कार्यकारिणी सचिव की ओर से व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से साझा किया गया, जिसमें मात्र 35751 रुपए की बचत दर्शाई गई। अधिवक्ताओं का आरोप है कि वर्ष भर में अध्यक्ष की ओर से मनमाने ढंग से खर्च दिखाया गया। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इससे पूर्व वित्तीय अनियमितताओं को लेकर चल प्रस्ताव बार काउंसिल ऑफ राजस्थान को भेजा जा चुका है। इसके बावजूद वर्तमान बार संघ अध्यक्ष की ओर से हठधर्मितापूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। बार संघ का बैंक खाता खुलवाने एवं बार संविधान के अनुरूप कार्यवाही चलाने के आग्रह के बावजूद कोई कदम नहीं उठाया गया। वहीं बिना आमसभा में प्रस्ताव पारित किए वकालतनामा शुल्क 250 रुपए कर दिया गया, जो बार संघ संविधान की धारा 16 का उल्लंघन बताया गया है। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि ऐसी कोई भी कार्यवाही आमसभा में प्रस्ताव पास किए बिना नहीं की जा सकती। इसी कारण बार संघ सदस्यों ने चल प्रस्ताव लेते हुए यह निर्णय किया है कि जब तक पूरे वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत नहीं किया जाता, बार संघ संविधान के अनुरूप बैंक खाता नहीं खोला जाता तथा विधि अनुसार कार्य नहीं किया जाता, तब तक बार संघ के सभी वित्तीय अधिकार वापस लिए जाएं। साथ ही अधिवक्ताओं ने यह भी निर्णय लिया कि वे केवल राजस्थान बार काउंसिल की ओर से देय वैलफेयर टिकट को ही मान्यता देंगे और भविष्य में वकालतनामे पर वही टिकट चस्पा की जाएगी। अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन से मामले में संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर जयपाल झोरड़, राहुल बिस्सा, रघुवीर वर्मा, महावीर स्वामी, प्रहलाद शर्मा, नवदीप कड़वासरा, नरेश कुमार, भगवानदास रोहिल्ला, राजकुमार बागोरिया, रमेश चारण, रमेश शर्मा, अमन स्वामी, राजीव शर्मा, अल्ताफ खान मौजूद थे।
