हनुमानगढ़। जंक्शन के वार्ड नंबर 51 में बीपीसीएल गैस पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को पूर्व वार्ड पार्षद सुरेश धमीजा ने शहरी सेवा शिविर में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव को ज्ञापन सौंपा। सुरेश धमीजा ने बताया कि बीपीसीएल की ओर से गैस पाइपलाइन बिछाने के बाद वार्ड की कई सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। जबकि पाइपलाइन कार्य के लिए बीपीसीएल ने नगर परिषद से एनओसी ली थी और इस कार्य के एवज में करीब 8 करोड़ रुपए नगर परिषद के पास जमा करवाए गए थे। इसके बावजूद क्षतिग्रस्त सड़कों का पुनर्निर्माण अब तक नहीं कराया गया। पूर्व पार्षद ने मांग की कि वार्ड में खराब हो चुकी सड़कों के निर्माण के लिए तत्काल टेंडर जारी कर कार्य शुरू कराया जाए।

साथ ही करीब डेढ़ वर्ष पहले स्वीकृत इंटरलॉकिंग सड़क तथा सेक्टर की एक प्रमुख सड़क, जो जगह-जगह गड्ढों के कारण बदहाल हो चुकी है, उसका भी शीघ्र री-कारपेटिंग कराया जाए। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इस संबंध में कई बार नगर परिषद अधिकारियों और जिला प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। संबंधित अधिकारियों की ओर से जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डालने से समस्या जस की तस बनी हुई है। पूर्व पार्षद सुरेश धमीजा ने जिला कलक्टर से वार्ड का मौका निरीक्षण कराकर आमजन की समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग की। जिला कलक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
