हनुमानगढ़। बहुजन समाज पार्टी की जिला इकाई की मासिक बैठक शुक्रवार को जंक्शन स्थित वाल्मीकि धर्मशाला में आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ एवं सेक्टर स्तर पर कमेटियों को मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में मुख्य अतिथि लोकसभा जोन प्रभारी सीताराम सीला ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी ही बहुजन समाज की असली हितैषी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्रों में सेक्टर एवं बूथ कमेटियों को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 23 अगस्त को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में प्रत्येक कमेटी की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यकर्ता संगठन को और अधिक मजबूत बनाकर क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि बसपा ही देश और प्रदेश को सुशासन देने में सक्षम है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष महावीर सहजीपुरा ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता अधिक से अधिक बैठकें आयोजित करे। उन्होंने कहा कि पंचायत, निकाय और विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करना आवश्यक है, ताकि आगामी चुनावों में बसपा के अधिकाधिक उम्मीदवार विजयी हो सकें। विशिष्ट अतिथि एवं प्रदेश सचिव राधेश्याम हुड्डा ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में शीघ्र कमेटियों का गठन पूरा करने पर जोर दिया और कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष संजय अठवाल, जिला सचिव सुरेंद्र परिहार, प्रेमनाथ सपेरा, रोहिताश चोपड़ा, कालूराम पटीर, बीरबल राम घोटड़, ओंकारमल भाट, महावीर धानिया, सोहनलाल अलवरिया, पूर्णराम, भारांदेवी, सुरजाराम सहित बसपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
