रावतसर। छोटे से कस्बे की बड़ी उड़ान ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बेटियां किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं होतीं। रावतसर निवासी मदन लाल पारीक की सुपुत्री आरती पारीक का असिस्टेंट प्रोफेसर, राजस्थान के पद पर अंतिम रूप से चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। आरती पारीक ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा विकास मॉडल पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय से प्राप्त की। छात्र जीवन से ही वह मेधावी, अनुशासित और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित रही हैं। पढ़ाई के साथ-साथ विद्यालय की विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी। स्कूल के हर कार्यक्रम में उनकी ऊर्जा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता साफ झलकती थी। आज उसी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है कि उन्होंने असिस्टेंट प्रोफेसर, राजस्थान जैसे प्रतिष्ठित पद पर सफलता प्राप्त कर अपने परिवार, विद्यालय और पूरे रावतसर का नाम रोशन किया है। आरती की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। संस्था प्रधान हनुमान प्रसाद शर्मा ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि “आरती जैसी बेटियां न केवल अपने माता-पिता का मान बढ़ाती हैं, बल्कि समाज की हर बेटी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो हर मंजिल हासिल की जा सकती है।” आरती पारीक की यह सफलता उन सभी छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है जो बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस रखती हैं। सच ही कहा गया है- बेटियां भी बेटों से कम नहीं, बल्कि कई बार उनसे बढ़कर साबित होती हैं। पूरे रावतसर क्षेत्र की ओर से आरती पारीक और उनके परिवार को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं दी है
