हनुमानगढ़। पल्लू थाना क्षेत्र के केलनिया निवासी चुन्नीलाल पुत्र बागाराम जाट ने बुधवार को ग्रामीणों व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर के साथ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर अपने भतीजे के साथ कथित मारपीट के मामले में त्वरित कार्रवाई करने और आरोपी को पाबंद करने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि मामले में पल्लू थाने में एफआईआर दर्ज है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, चुन्नीलाल का भतीजा राजूराम पुत्र उदाराम केलनिया स्थित सांवरो सेठ होटल में होटल मालिक के पास ड्राइवरी का कार्य करता था। आरोप है कि वह अपने काम के पैसे लेने होटल गया था, जहां आरोपियों ने उसके साथ लोहे की रॉड से कथित तौर पर मारपीट करते हुए जान से मारने का प्रयास किया।

आवेदन में होटल संचालक पर होटल में कथित रूप से विभिन्न अवैध गतिविधियां संचालित किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। चुन्नीलाल ने आरोप लगाया कि 10 अगस्त को उसका भतीजा एफआईआर दर्ज कराने पल्लू थाने पहुंचा, जहां आरोपी ने कथित रूप से उसे और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। चुन्नीलाल ने कहा कि इस घटना के बाद परिवार में भय का माहौल है और उन्हें आशंका है कि आरोपी उसके भतीजे पर दोबारा जानलेवा हमला कर सकता है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि पल्लू थाने में दर्ज एफआईआर पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं तथा आरोपी को पाबंद कर परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
