हनुमानगढ़। राखी राठौड़ ने हनुमानगढ़ स्थित प्राचीन ऐतिहासिक माँ भद्रकाली मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए। इस अवसर पर माँ भद्रकाली क्षेत्र विकास समिति (रजि.) हनुमानगढ़ की ओर से प्रदेशाध्यक्ष राखी राठौड़ का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। समिति के अध्यक्ष भगवान सिंह खूड़ी ने इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मंदिर के पुनर्निर्माण और परिसर के सौंदर्यकरण की मांग उठाई। समिति द्वारा दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि हनुमानगढ़ स्थित माँ भद्रकाली का मंदिर अत्यंत प्राचीन और ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है, जो घग्घर नदी (प्राचीन सरस्वती नदी) के तट पर स्थित है। यह मंदिर राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग द्वारा संरक्षित है और लंबे समय से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। हर वर्ष पंजाब, हरियाणा और राजस्थान सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ज्ञापन में बताया गया कि मंदिर सैकड़ों वर्ष पुराना होने के कारण अब जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच चुका है। मंदिर की बढ़ती मान्यता और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इसके पुनर्निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही है। यदि समय रहते मंदिर का पुनर्निर्माण और विकास कार्य नहीं किया गया तो यह प्राचीन धरोहर क्षतिग्रस्त हो सकती है। समिति ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मंदिर के पुनर्निर्माण के साथ-साथ मंदिर परिसर के सौंदर्यकरण की मांग करते हुए विशेष बजट आवंटित करने का आग्रह किया है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र के समग्र विकास से हनुमानगढ़ जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी। साथ ही नीम कॉरिडोर और वृक्षारोपण योजनाओं को पुनः प्रभावी रूप से लागू कर मंदिर परिसर को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की मांग भी की गई है। ज्ञापन की प्रतिलिपि उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन-वित्त मंत्री दिया कुमारी को भी प्रेषित की गई है, ताकि पर्यटन विभाग के माध्यम से मंदिर के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा सके। इस अवसर पर दिलीप सिंह तलवाड़ा, विजय सिंह पन्नीवाली, राजेश प्रेमजानी, जोधा सिंह, मदन सिंह राठौड़, मदन पूनिया, अशोक जोइया, दलपत सिंह, सुरेंद्र पुरी, अशोक पुरी, युवराज शर्मा, गजेंद्र सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
