हनुमानगढ़। माता भद्रकाली मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को संकरे मार्ग और जलभराव के कारण हो रही परेशानियों के समाधान की मांग को लेकर फतेहपुर ढालिया मार्ग टेंपो यूनियन के सदस्यों ने जिला कलक्टर के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। यूनियन प्रधान अयूब खान ने बताया कि माता भद्रकाली मंदिर में पैदल, ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा से आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सिक्स लेन से मंदिर तक करीब एक किलोमीटर के मार्ग के दोनों ओर कुछ किसानों द्वारा तीन से चार फुट तक मिट्टी डालकर बांध बना दिए गए हैं, जिससे गांव और बरसाती पानी की निकासी बाधित हो गई है।

इसके चलते सड़क पर करीब तीन फुट तक पानी जमा है। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण सड़क पर बने दो से तीन फुट गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे ऑटो रिक्शा व अन्य वाहन आए दिन पलट जाते हैं और दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे यात्रियों के जानमाल को भी नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है। यूनियन ने प्रशासन से सड़क के दोनों किनारों पर डाली गई मिट्टी हटाकर पानी की निकासी सुनिश्चित करने की मांग की है। यूनियन सदस्यों का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व तहसीलदार मौके पर पहुंचे थे, लेकिन सरपंच सतीपुरा गुरलाल सिंह और स्थानीय लोगों से चर्चा के बाद लौट गए तथा समस्या का समाधान नहीं किया गया।

उनका कहना है कि सड़क से सटे प्रभावशाली और राजनीतिक पहुंच वाले किसान मिट्टी हटाने का विरोध कर रहे हैं। टेंपो यूनियन के अनुसार जलभराव और गड्ढों के कारण वाहन संचालन प्रभावित हो रहा है, जिससे चालकों की आजीविका पर भी असर पड़ रहा है। कई चालकों ने मजबूरी में अपने टेंपो बंद कर दिए हैं, जिससे यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मजबूरन उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में यूनियन प्रधान अयूब खान, बाबू, अनवर, नियाज, कालिया, हरजिंद्र, शान, सफी, बलदेव, गुरनाम, हरिया, लखा, जोगिंदर सिंह, खुर्शीद, निरंजन, विनोद, काली, नूरी, काला सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

