हनुमानगढ़। भाजपा ने भी प्रचार के अंतिम दिन टाउन व जंक्शन शहर में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में रैली निकालकर अपनी ताकत दिखाई। रैली में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू के नेतृत्व में भाजपा प्रत्याशी, पदाधिकारी और कार्यकर्ता व समर्थक शामिल हुए। रैली के दौरान भाजपा नेताओं ने पार्टी के पक्ष में मतदान का आह्वान करते हुए नगर परिषद में पूर्ण बहुमत से बोर्ड बनाने का दावा किया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनता के इस अपार समर्थन से यह बात स्पष्ट है कि हनुमानगढ़ की जनता ने नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने का निश्चय कर लिया है। उन्होंने दावा कि भाजपा स्पष्ट बहुमत से हनुमानगढ़ नगर परिषद सहित सभी आठों निकायों में अपना बोर्ड बनाने में कामयाब होगी। भाजपा के डॉ. निशांत बतरा ने कहा कि रैली ने यह संदेश दिया है कि शहर अब गुंडाराज नहीं सहेगा। उन्होंने भ्रष्टाचार और भूमाफिया के मुद्दे उठाते हुए कहा कि शहरवासी अब अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यह रैली हनुमानगढ़ नगर परिषद में भाजपा के पूर्ण बहुमत से बोर्ड बनने का शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि जनता को भयमुक्त, सुरक्षित, स्वच्छ और खुशहाल हनुमानगढ़ चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से 11 सितंबर को कमल के फूल के सामने का बटन दबाकर भाजपा को समर्थन देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में भयमुक्त माहौल, सुशासन और भ्रष्टाचारमुक्त प्रशासन सुनिश्चित किया जाएगा। डॉ. बतरा ने निर्दलीय विधायक पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ‘मिनी चंडीगढ़’ के नाम पर आनन-फानन में किए गए विकास कार्यांे पर भ्रष्टाचार का कॉस्मेटिक मेकअप किया गया। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को ‘मिनी चंडीगढ़’ या ‘मिनी बिहार’ नहीं, बल्कि अपना पुराना, सुरक्षित, स्वच्छ और खुशहाल हनुमानगढ़ चाहिए।
अब रैलियों के बाद मतदाताओं की बारी
चुनावी शोरगुल थमने के साथ ही प्रत्याशियों का शोर अब घर-घर संपर्क और व्यक्तिगत जनसंपर्क तक सीमित रहेगा। कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अंतिम दिन रैलियों के जरिए अपनी ताकत और समर्थकों की मौजूदगी का प्रदर्शन किया। दोनों दलों के अपने-अपने दावे हैं, लेकिन अंतिम फैसला 11 सितंबर को मतदान के दौरान मतदाता करेंगे।
