हनुमानगढ़। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की ओर से 23 जुलाई को जंक्शन स्थित जाट भवन में संगठन का 72वां स्थापना दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को जलदाय बीएमएस कार्यालय में जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में जिला बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलामंत्री संदीप सिरावता ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर 23 जुलाई को जिले की सभी तहसीलों एवं गांवों में झंडा वंदन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए संगठन की सभी इकाइयों को लक्ष्य निर्धारित कर आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि भारतीय मजदूर संघ के सभी जिला पदाधिकारी, यूनिट अध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष एवं जिला कार्यसमिति सदस्य 23 जुलाई को अपने-अपने घरों पर बीएमएस का ध्वज फहराएंगे। इसके अलावा 21 से 31 जुलाई तक जिले की पांचों तहसीलों के पांच-पांच गांवों में विशेष झंडा वंदन अभियान चलाकर अधिक से अधिक घरों पर संगठन का ध्वज लगाने का अभियान संचालित किया जाएगा। जिलामंत्री संदीप सिरावता ने बताया कि 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर भारतीय मजदूर संघ की ओर से रैली का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियां भी प्रारंभ कर दी गई हैं। बैठक में राजस्थान जलदाय कर्मचारी महासंघ (भामसं) के प्रदेश महामंत्री इन्द्राज घोटिया, जलदाय तकनीकी कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष लेखराम योगी, जिला महामंत्री मनोज राव, दलीप गोदारा, बलविंद्र सिंह, चरणजीत औलख, प्रदीप टाक सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
