ऐलनाबाद। भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा की ओर से आज राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऐलनाबाद, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूरटवाला व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मिठनपुरा में स्वास्थ्य और स्वच्छता के तहत कार्यक्रम आयोजित किये.गये। इस अवसर पर बैंक ने छात्राओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत छात्राओं को 2000 सेनेटरी नैपकिन और विद्यालयों को 10 सेनेटरी नैपकिन इंसीनरेटर मशीन प्रदान की। भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा प्रबंधक संतोष बिश्नोई ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक केवल एक वाणिज्यिक इकाई ही नहीं बल्कि सेवा संस्थान भी है। भारतीय स्टेट बैंक द्वारा “स्वच्छता ही सेवा” और अन्य कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत छात्राओं के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता अभियान चलाए जाते हैं। इसके तहत स्कूलों में स्वच्छता को बढ़ावा देने, सैनिटरी नैपकिन वितरण, छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए कार्य किया जा रहा है। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत, छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म स्वच्छता और उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाता है। एसबीआई फाउंडेशन और उसके सहयोगियों ने स्कूलों में सैनिटरी पैड व इसके निपटान के लिए मशीनें लगाई गई हैं, जो छात्राओं के लिए बहुत उपयोगी हैं। कार्यक्रम में बैंक क्लर्क सुनीता हुड्डा प्रियंका, तीनो विद्यालयों के प्राचार्य व सभी स्टाफ सदस्य भी उपस्थित थे।
