हनुमानगढ़। मनरेगा में फर्जी हाजरी लगाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को गांव जण्डावाली के मनरेगा श्रमिकों ने जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन भारत की जनवादी नौजवान सभा के बैनर तले सौंपा गया। इस मौके पर डीवाईएफआई के तहसील अध्यक्ष वेद मक्कासर ने आरोप लगाया कि हनुमानगढ़ तहसील की पंचायत जण्डावाली में पिछले काफी समय से मनरेगा में मेटों की ओर से फर्जी हाजरी लगाई जा रही है।

यह सब ग्राम सेवक की मिलीभगत से चल रहा है। मनरेगा श्रमिकों ने इस बारे में ग्राम सेवक को सूचित किया लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। पंचायत समिति के विकास अधिकारी को भी शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में मनरेगा मेटों और ग्राम सेवक की तानाशाही चल रही है। मनरेगा मेट फर्जी फोटो खींचकर अपलोड कर देते हैं।

मनरेगा श्रमिकों के अनुसार ग्राम पंचायत जण्डावाली में पिछले चार माह से कार्य बंद था। तीन फरवरी, मंगलवार से ही कार्य शुरू हुआ है लेकिन मात्र तीन सौ श्रमिकों को ही काम दिया गया है। जबकि करीब एक हजार श्रमिक कार्य से वंचित हो गए हैं। जिन श्रमिकों को कार्य दिया गया है वे भी पंचायत के प्रतिनिधियों के चहेते हैं। जरूरतमंद श्रमिकों को कार्य नहीं दिया गया। मनरेगा श्रमिकों ने मांग की कि फर्जी हाजरी लगाने के मामले पर संज्ञान लेकर दोषी मेटों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही वंचित जरूरतमंद श्रमिकों को कार्य दिया जाए। इस मौके पर सीमा, हुसैना बेगम, शमशाद, इकबाल, मदीना सहित कई मनरेगा श्रमिक मौजूद थे।
