नीमच/मनासा। मध्य प्रदेश के नीमच जिले के मनासा कस्बे में गुरुवार देर रात एक युवक की सरेआम बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। इंदौर के एक कार शोरूम से वाहन चोरी कर फरार हुए आरोपी को शोरूम मालिक और उसके साथियों ने घेरकर लाठियों से पीटा। घटना के दौरान युवक सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ा तड़पता रहा, लेकिन मौके पर मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे। पुलिस के अनुसार, शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के देवरी गांव निवासी 35 वर्षीय प्रकाश पिता नाथूलाल नायक 7 अप्रैल को इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित ‘डेली ऑटोडील’ शोरूम पहुंचा था। यहां उसने टेस्ट ड्राइव के बहाने कार ली और फरार हो गया। इसके बाद से शोरूम संचालक और उसके साथी उसकी तलाश में जुटे थे। जांच के दौरान पता चला कि प्रकाश पिछले एक महीने से मनासा में किराए के मकान में रह रहा था। आरोपियों ने उसे पकड़ने के लिए उसकी महिला मित्र रेणुका का सहारा लिया।

रेणुका ने फोन कर प्रकाश को मिलने के बहाने एक स्थान पर बुलाया। जैसे ही प्रकाश मौके पर पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे इंदौर के तीन पुरुष और तीन महिलाओं ने उसे घेर लिया। कार के बारे में पूछताछ करने पर जब प्रकाश ने वाहन बेचने की बात कही, तो सभी आरोपी आक्रोशित हो गए और उस पर लाठियों से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने युवक को तब तक पीटा जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। घायल युवक सड़क पर मदद के लिए गुहार लगाता रहा, लेकिन भीड़ में से कोई भी उसकी सहायता के लिए आगे नहीं आया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इस वारदात का वीडियो शुक्रवार को सामने आया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मनासा थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इंदौर निवासी एहसान, शुभम, शेखर के साथ ही दुर्गा, रेणुका और बबीता को हिरासत में लिया है। घायल प्रकाश ने अपनी प्रेमिका रेणुका पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
